बंठिडा: अवैध शराब पकड़वाने की एवज में इनाम की खबरें तो अक्सर सुनने व देखने को मिलती हैं लेकिन पंजाब के पूर्व अकाली विधायक एवं शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा ने युवाओं को ऐसा आॅफर दिया है जिसकी चर्चा हो रही है।
शराब कारोबारी ने अपने इलाके में प्रचार किया है कि वह अवैध शराब पकड़वाने वाले व्यक्ति को नौकरी प्रदान करेंगे। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता भी बाधा नहीं बनेगी। इससे पहले दीप मल्होत्रा ने अवैध शराब की जानकारी देने वाले को 10 हजार का इनाम घोषित किया था। अब नौकरी की पेशकश की है।
बताया जाता है कि हरियाणा से अवैध शराब बंठिडा जिले मे आ रही है जिससे दीप मल्होत्रा का कारोबार प्रभावित हो रहा है। सूत्रों के अनुसार बंठिडा के एक शराब कारोबारी के पास हरियाणा में ठेके हैं जो दीप मल्होत्रा का रिकार्ड तोड़ने के लिए पंजाब में शराब भेज रहा है।
इस साल बंठिडा जिले में शराब के ठेके उठाने के लिए कोई तैयार ही नहीं था और सरकार ने खुद मल्होत्रा को बुलाकर बंठिडा के ठेके दिए थे। दीप मल्होत्रा ने बताया कि कोई भी बेरोजगार उनके पास आए, वह 10 हजार रुपए प्रति महीना नौकरी देंगे। शर्त यह होगी कि उक्त युवक को एक महीने में अवैध शराब का एक केस पकड़वाना होगा। अगर एक से अधिक केस पकड़वाएगा तो उसको प्रति केस के हिसाब से बोनस दिया जाएगा।

No comments:
Post a Comment